1. जल्दी ही 20 रुपये का नया नोट जारी करेगा RBI, देखें कैसा दिखेगा..
रिजर्व बैंक जल्दी ही 20 रुपये के नये नोट जारी करने वाला है. इस नोट का रंग ‘ग्रीनिश येलो’ है. मतलब हरापन लिये हुए पीला रंग. महात्मा गांधी की तसवीर वाली नयी सीरीज का यह अगला नोट है, जिसका मूल्य 20 रुपये होगा. इससे पहले बैंक सौ, 50 और दस रुपये का नोट भी इस सीरीज में जारी कर चुका है.
2 .झारखंड में बोले अमित शाह, भाजपा अगर सत्ता में आयी तो जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा देगी
भाजपा अगर सत्ता में आयी तो जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा देगी. कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के 10 साल के शासनकाल में जवानों के सिर काटे गए. हम ऐसी घटनाओं को भूल नहीं सकते. देश की जनता तय करके बैठी है कि नरेंद्र मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाना है. मोदी जी जैसा नेतृत्व देश को वर्षों बाद मिला है. उक्त बातें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज झारखंड के पलामू लोकसभा क्षेत्र में आयोजित एक रैली में कही. उन्होंने कहा कि देश को एक निर्णायक फैसला लेने वाला प्रधानमंत्री मिला है. सबसे बड़ी बात यह है कि देश को एक संवेदनशील प्रधानमंत्री मिला है.
उन्होंने कहा कि 70 साल देश पर राज करने वाली सरकारों ने 50 करोड़ गरीबों के लिए कुछ नहीं किया. उन्होंने गरीबों, दलितों और आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया है. मोदी सरकार ने पांच साल में देश की 7 करोड़ गरीब माताओं को गैस सिलेंडर देने का काम किया. 8 करोड़ परिवारों को शौचालय देकर माताओं-बहनों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मोदी सरकार ने दिया है.
3. धौनी के बिना फिर हारा CSK, मुंबई इंडियंस ने 46 रन से हराया
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के बगैर उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स को आइपीएल के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. शुक्रवार को चेन्नई में खेले गये मैच में मुंबई इंडियंस ने उसे 46 रन से हराया. चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने कप्तान रोहित शर्मा के वर्तमान सत्र में पहले अर्धशतक की मदद से चार विकेट पर 155 रन बनाये. जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम 17.4 ओवर में 109 रन बनाकर आउट हो गयी.
4. इस फेमस क्रिकेटर पर दिल हार बैठीं 'सिंघम' एक्ट्रेस काजल अग्रवाल
काजल अग्रवाल की खूबसूरत के लाखों दीवाने हैं. अजय देवगन के साथ फिल्म सिंघम में नजर आनेवाली अभिनेत्री साउथ इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड में भी पहचान रखती हैं. काजल साउथ की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार की जाती हैं. काजल के दिल में कौन है इसका खुलासा हाल ही हुआ. अभिनेत्री भले ही फिल्मों में नाम कमा रही हैं लेकिन वे किसी अभिनेता पर नहीं बल्कि एक फेमस किक्रेटर पर दिल हार बैठी हैं. वे भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा की दीवानी है.
काजल अग्रवाल को साउथ इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस के तौर पर जान जाता है. उनके नाम से फिल्म हिट हो जाती है. वे बॉलीवुड की भी कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं जिनमें 'सिंघम', 'स्पेशल 26' और 'दो लफ्जों की कहानी' की कहानी शामिल है.
5. Research : लंबी उम्र चाहते हैं, तो जीवनसाथी को रखें खुश
यह तो सभी ने सुना है कि लंबी उम्र और अच्छा स्वास्थ्य पाने के लिए खुश रहना कितना अहम है, लेकिन एक अध्ययन में यह बात सामने आयी है कि लंबी उम्र के लिए आपके खुश रहने के साथ साथ आपके जीवनसाथी का खुश रहना भी जरूरी है. नीदरलैंड की टिलबुर्ग यूनिवर्सिटी में अनुसंधानकर्ता ओल्गा स्तावरोवा ने कहा, यह अध्ययन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर उसके आस-पास के सामाजिक माहौल के असर को रेखांकित करता है. पत्रिका 'साइकोलॉजिकल साइंस' में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, जिन लोगों के जीवनसाथी सक्रिय जीवन जीते हैं, उनकी स्वयं की जीवनशैली भी सक्रिय रहने की संभावना होती हैं
6. Good News : अब घर बैठे रोजगार पाने में गूगल करेगा आपकी मदद
दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल पर अब वर्क फ्रॉम होम (Work From Home jobs) नौकरियां सर्च करना आसान हो गया है. कंपनी ने पिछले साल अपने सर्च इंजन पर नौकरियों की सर्च करने के लिए कई फीचर शुरू किये थे. गूगल के क्लाउड प्रोडक्ट मैनेजर जेनिफर सू ने एक ब्लॉग पोस्ट में लिखा, एंप्लॉयर्स और रिक्रूटमेंट प्लैटफाॅर्म्स को उन उम्मीदवारों के साथ जोड़ने के लिए जो अधिक फ्लेक्सिबिलिटी की तलाश में हैं, आज हमने अपने जॉब सर्च एक्सपीरिएंस को बेहतर किया है. यह हमारे ग्राहकों को अमेरिका में जॉब को बेहतर तरीके से सर्च करने में सक्षम बनाता है. इस पोस्ट में कहा गया, यह उन यूजर्स की मदद करेगी जो 'वर्क फ्रॉम होम' या 'WFH' जैसे टर्म के साथ सर्च करते हैं. अब उन्हें संबंधित नौकरियां सर्च में मिलेंगी, जिन्हें रिमोट या टेलिकम्यूट से लेबल किया गया है.
7. Jio यूजर्स के लिए खुशखबरी, मोबाइल बाजार में सबको छोड़ा पीछे
भारतीय फीचर फोन बाजार में साल 2019 की पहली तिमाही में 30 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ रिलायंस जियो फोन शीर्ष पर है. इस बात की जानकारी शुक्रवार को काउंटरप्वाइंट रिसर्च ने दी है. काउंटरप्वाइंट रिसर्च की 'भारतीय स्मार्टफोन बाजार हिस्सेदारी 2019 की पहली तिमाही' रिपोर्ट में कहा गया कि स्मार्टफोन बाजार जहां बड़े अवसर की पेशकश करता है, वहीं भारतीय बाजार के 40 करोड़ फीचर फोन यूजर्स की कोई अनदेखी नहीं कर सकता, जो अगले पांच सालों तक बना रहेगा. सैमसंग 15 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ फीचर फोन श्रेणी में दूसरे नंबर पर है, जबकि लावा ने 13 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है.
8. मुकेश अंबानी कांग्रेस के समर्थन में, पुत्र अनंत पहुंचे मोदी की रैली में
उद्योगपति मुकेश अंबानी ने कुछ दिन पहले मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा का समर्थन किया था और अब उनके बेटे अनंत शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली में श्रोताओं में बैठे दिखे.
बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एक रैली में अग्रिम पंक्ति के श्रोताओं में बैठे अनंत ने कहा कि वह मोदी को सुनने और देश का समर्थन करने आये थे.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने पिछले दिनों दक्षिण मुंबई सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा का समर्थन किया था. पूर्व केंद्रीय मंत्री देवड़ा ने अपने ट्विटर पेज पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें अंबानी उनकी तारीफ कर रहे हैं.
9. आप' को 2 करोड़ का चंदा देने वाला शख्स आया सामने
आम आदमी पार्टी से निलंबित कपिल मिश्रा ने जिसे 2 करोड़ का चंदा देने वाला फर्जी कंपनियों का मालिक बताया था वो शख्स गुरुवार को मीडिया के सामने आया. दिल्ली के कारोबारी ने आम आदमी पार्टी को दो करोड़ रुपए का चंदा देने का दावा किया है और बर्खास्त मंत्री कपिल मिश्रा के उस आरोप को खारिज कर दिया है कि यह राशि एक फर्जी कंपनी के माध्यम से दी गई थी.
एक समाचार चैनल से बात करते हुए कारोबारी ने कहा है कि जिन कंपनियों से आम आदमी पार्टी को चंदा दिया गया है वो फर्जी नहीं है बल्कि वो चारों कंपनियां उसकी है. प्रॉपर्टी डीलर और तंबाकू कारोबारी मुकेश शर्मा ने कहा कि उन्होंने 31 मार्च, 2014 को आप को दो करोड़ रुपये डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से दिए थे.

10. रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, 1 मई से बदल जाएगा रिजर्वेशन से जुड़ा यह नियम
नई दिल्ली : भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर कई बदलाव किए हैं. अब 1 मई से रेलवे एक और बदलाव करने जा रही है. नया नियम लागू होने का फायदा रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को मिलेगा. रेलवे की 1 मई से शुरू होने वाली नई सर्विस के तहत आप ट्रेन के प्रस्थान से 4 घंटे पहले अपना बोर्डिंग स्टेशन चेंज कर सकते है. अभी किसी भी ट्रेन के प्रस्थान करने से चार घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार हो जाता है और बोर्डिंग स्टेशन को 24 घंटे पहले ही बदला जा सकता है.
करोड़ों यात्रियों को होगा नियम बदलने का फायदा
रेलवे की नई सुविधा के तहत यात्री चार्ट बनने से पहले तक बोर्डिंग स्टेशन बदल सकते हैं. इसका सीधा फायदा रेलवे के करोड़ों यात्रियों को मिलेगा. अभी ट्रेन के प्रस्थान से 24 घंटे पहले तक बोर्डिंग स्टेशन को बदला जा सकता है. बोर्डिंग स्टेशन चेंज करने पर किसी प्रकार के शुल्क का भुगतान भी नहीं करना होगा. यदि आप प्रस्थान के समय से 24 घंटे के अंदर अपने स्टेशन में बदलाव करते हैं तो आपको रिफंड नहीं मिलेगा.
बोर्डिंग स्टेशन बदलवाने के विकल्प
यात्रियों के पास बोर्डिंग स्टेशन बदलने के दो विकल्प होंगे. वे ऑनलाइन आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट से बदलाव कर सकते हैं या फिर टिकट काउंटर से भी बोर्डिंग स्टेशन बदलवा सकते हैं. इसके अलावा रेलवे इंक्वायरी नंबर 139 पर कॉल करके भी बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव किया जा सकता है.
फिलहाल बोर्डिंग चेंज कराने के नियम
- ई-टिकट बुक कराने वाले यात्री ट्रेन के प्रस्थान समय से 24 घंटे पहले तक ऑनलाइन बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव कर सकते हैं.
- यदि किसी यात्री ने एक बार बोर्डिंग में बदलाव किया है तो वह फिर पुराने बोर्डिंग प्वाइंट से ट्रेन नहीं पकड़ सकता.
- यदि यात्री बोर्डिंग प्वाइंट चेंज करने के बाद पुराने स्टेशन से ही यात्रा कर रहा है तो उसे दोनों स्टेशन के बीच का किराया चुकाना होगा.
- बोर्डिंग प्वाइंट में केवल एक ही बार बदलाव किया जा सकता है.
- बोर्डिंग स्टेशन को प्रस्थान समय से 24 घंटे पहले तक बदला जा सकता है.
- यदि टिकट सीज कर दिया गया है तो बोर्डिंग प्वाइंट चेंज करना मान्य नहीं है.
- विकल्प ऑप्शन लेने वाले पीएनआर नंबर पर बोर्डिंग प्वाइंट चेंज नहीं किया जा सकता.
- आई-टिकट पर ऑनलाइन बोर्डिंग प्वाइंट चेंज करने का विकल्प नहीं मिलता.
- तत्काल बुकिंग टिकट पर भी बोर्डिंग प्वाइंट चेंज करने का ऑप्शन नहीं होता.

Tags
recent